बिहार में पेंच सुलझा, झारखंड में उलझा ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट शेयरिंग का मसला,

0

संदीप सिन्हा

 

बिहार में पेंच सुलझा, झारखंड में उलझा ‘इंडिया’ गठबंधन में सीट शेयरिंग का मसला, 2 सीट पर अड़ी लालू की RJD

बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों में सीट साझेदारी का मसला हल हो गया है, लेकिन झारखंड में अब तक इस मुद्दे का समाधान नहीं हुआ है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन के अंदर दो सीटों पर दावेदारी कर रहा है, जबकि कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का नेतृत्व एक फॉर्मूला तैयार कर रहा है, जिसमें राजद को केवल एक सीट मिलेगी।

रांची: बिहार में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों में सीट शेयरिंग का मसला सुलझ गया है। वहीं पड़ोसी राज्य झारखंड में अब तक सीट शेयरिंग का मसला नहीं सुलझ पाया है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) गठबंधन के भीतर अपने लिए दो सीटों पर दावेदारी पर अड़ा है, जबकि कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व ने जो फॉर्मूला तैयार किया है, उसमें राजद को सिर्फ एक सीट देने की बात है। बता दें, झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं।


चतरा और पलामू सीट के लिए अड़े लालू यादव
झारखंड में ‘इंडिया’ गठबंधन में जो फॉर्मूला तैयार किया गया है, उसके मुताबिक, सात सीटों पर कांग्रेस और पांच पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार होंगे। बाकी दो सीटों में एक राजद और दूसरी सीपीआई-एमएल को दी जानी है। राजद का शीर्ष नेतृत्व इसपर सहमत नहीं है। लालू प्रसाद यादव चतरा और पलामू सीटों पर अपने उम्मीदवार देने पर अड़े हैं, जबकि कांग्रेस उन्हें इनमें से कोई एक सीट देना चाहती है।

माना जा रहा है कि बिहार में राजद ने सीट शेयरिंग में ड्राइविंग सीट पर बैठकर फैसले किए। इसके चलते कांग्रेस को 9 सीटें तो चुनाव लड़ने के लिए मिल गईं, लेकिन कई सीटें कांग्रेस को उसकी पसंद की नहीं मिली है। अब झारखंड में सीट शेयरिंग में ड्राइविंग सीट पर कांग्रेस है। कांग्रेस भी वही कर रही है जो बिहार में उसके साथ हुआ है।


2019 में भी पलामू और चतरा सीट को लेकर हुआ था विवाद

वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी महागठबंधन में इन्हीं दो सीटों को लेकर विवाद खड़ा हुआ था। राजद को सिर्फ पलामू सीट दी गई थी, लेकिन उसने चतरा सीट पर भी अपना उम्मीदवार उतार दिया था। नतीजा यह हुआ था कि चतरा में कांग्रेस और राजद दोनों पार्टियों के प्रत्याशी मैदान में बने रहे और भाजपा के ‘हाथों’ महागठबंधन को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।

पलामू में ममता भुइयां को उम्मीदवार बना सकता है राजद


राजद इस बार पलामू में ममता भुइयां को उम्मीदवार बना सकता है, जबकि चतरा में झारखंड की मौजूदा सरकार में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, धीरेंद्र अग्रवाल, सुधीर सिंह, अरुण सिंह में से किसी एक को प्रत्याशी बनाया जा सकता है। माना जा रहा है कि जल्द ही इंडिया गठबंधन में सीट बंटवारा हो जाएगा।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *