दो लाख के लिए कलियुगी बेटे ने बाप को कुदाल से हमलाकर मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
RANCHI CRIME
पैसे के लिए बेटे ने की बाप की हत्या
दो लाख के लिए कलियुगी बेटे ने बाप को कुदाल से हमलाकर मार डाला, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रांची में दो लाख रुपये के विवाद में बेटे ने कुदाल से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी. एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी
झारखंड की राजधानी रांची से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने पैसों के विवाद में अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी. एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हराटांड़ निवासी गोविंद साहू की हत्या उनके पुत्र कमल साहू ने कुदाल से हमला कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल साहू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी घर से बरामद कर ली गई है. मामले को लेकर मृतक के दूसरे पुत्र विमल साहू ने अपने भाई के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.
विवाद रात दो बजे शुरू हुआ
विमल साहू के अनुसार, घटना सात अप्रैल की देर रात करीब दो बजे की है. अचानक घर में हल्ला-गुल्ला सुनकर वह जागे. बाहर निकलने पर देखा कि उनकी मां चिल्ला रही थीं और पिता के कमरे का सामान बाहर फेंका हुआ था. इस दौरान उन्होंने देखा कि उनका छोटा भाई कमल साहू कमरे का दरवाजा बंद कर अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था. जब विमल ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी कुदाल लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया, जिससे वह डरकर पीछे हट गए.

दरवाजा खुलने पर भयानक मंजर सामने आया
इसके बाद विमल साहू ने अपने बड़े भाई तुलसी साहू को सूचना दी. दोनों भाइयों ने मिलकर दोबारा दरवाजा खोलने का प्रयास किया. जब दरवाजा खुला, तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. कमल साहू के हाथ में कुदाल थी और गोविंद साहू अचेत अवस्था में दरवाजे के पास गिरे हुए थे. उनके सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे साफ था कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है.
अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत,अस्पताल पहुंचने पर हुई मौत की पुष्टि
घटना के बाद परिजनों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और घायल गोविंद साहू को इलाज के लिए पहले नारायणी अस्पताल ले जाया गया. वहां भर्ती नहीं लेने पर उन्हें गुरूनानक अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर से पूरे परिवार में मातम छा गया.
दो लाख रुपये बना हत्या की वजह
पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, इस हत्या के पीछे पैसों का विवाद मुख्य कारण है. बताया गया कि कुछ दिन पहले मृतक की बेटी सुनीता देवी ने अपने पिता को दो लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए दिए थे. इसी रकम को पाने के लिए कमल साहू अपने माता-पिता से लगातार विवाद कर रहा था. अंततः इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली.

समाज के लिए एक बड़ी चेतावनी बनी घटना
“यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि किस तरह मामूली आर्थिक विवाद रिश्तों को खत्म कर सकते हैं. एक पुत्र अपने पिता की हत्या कर देता है”
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की भी होती रहेगी मगर समाज के लिए ये घटना एक बहुत बड़ी त्रासदी है , वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है

