प्राइड ऑफ नेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित हुआ बीआईटी मेसरा, झारखंड का सर्वश्रेष्ठ विवि घोषित
झारखंड का बढ़ा शान
प्राइड ऑफ नेशन अवॉर्ड’ से सम्मानित हुआ बीआईटी मेसरा, झारखंड का सर्वश्रेष्ठ विवि घोषित
रांची के बीआईटी मेसरा तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है. संस्थान को ‘प्राइड ऑफ नेशन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है.
झारखंड के रांची में स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (बीआईटी मेसरा) ने अपने नाम एक नई उपलब्धि जोड़ ली है. वेटरन्स इंडिया द्वारा आयोजित ‘प्राइड ऑफ नेशन अवॉर्ड्स’ के तहत बीआइटी मेसरा को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालय घोषित किया गया है. संस्थान को यह सम्मान छात्र विकास, सामुदायिक सहभागिता, नेतृत्व क्षमता निर्माण और क्लास के बाहर मूल्य-आधारित शिक्षा देने के प्रयासों के लिए मिला है.

भारत के प्रतिष्ठित संगठनों का सहयोग
यह अवॉर्ड अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE), राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (NBA), भारतीय विश्वविद्यालय संघ (AIU) और शिक्षा प्रोत्साहन सोसाइटी ऑफ इंडिया जैसे शीर्ष शैक्षणिक संगठनों के सहयोग से दिया गया है. वेटरन्स इंडिया, जिसका नेतृत्व पूर्व सैन्य अधिकारियों द्वारा किया जाता है, उन संस्थानों को मान्यता देता है जो युवाओं के विकास और सामाजिक जिम्मेदारी में प्रमुख भूमिका निभाते हैं.
भारत के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में से एक
1955 में स्थापित बीआईटी मेसरा देश के प्रमुख तकनीकी संस्थानों में गिना जाता है. यह संस्थान शुरू से ही नई तकनीक और शोध के क्षेत्र में आगे रहा है. इसकी खासियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसने स्पेस इंजीनियरिंग और रॉकेट्री जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत करने में देश में प्रमुख भूमिका निभाई है.
भारत के प्रभावशाली पदों एवं उच्च तकनीकी आविष्कारों में शामिल
संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ राजेश जैन ने बताया कि बीआईटी का एलुमनाई नेटवर्क आज पूरी दुनिया में प्रभावशाली पदों पर है. बीआइटी मेसरा के एलुमनाई में रोहित प्रसाद अमेजन ‘एलेक्सा’ एआई के विकास प्रमुख रहे. वी वैद्यनाथन, सीइओ आईडीएफसी फर्स्ट बैंक, अमित चौधरी, सीओओ लेंसकार्ट और करण बजाज, संस्थापक, व्हाइट हैट जूनियर.

