शिक्षक समेत 7 की मौत, मानसून की पहली बारिश में कई पुल-डायवर्सन बहे

Oplus_0

झारखंड में बारिश का कहर ,
शिक्षक समेत 7 की मौत, मानसून की पहली बारिश में कई पुल-डायवर्सन बहे, स्कूल बंद
झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने तबाही मचाई है, जिससे कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारिश के कारण सात लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो स्कूली बच्चे और एक शिक्षक शामिल हैं।
रांचीः झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इस बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। बारिश के कारण शिक्षक समेत सात लोगां की मौत हो गई। वहीं मानसून की पहली बारिश में ही कई जगह पुल और डायवर्सन बह गए। भारी बारिश की आशंका को लेकर रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में आज भी सभी स्कूल बंद है।
दो स्कूली बच्चों समेत 7 की मौत
खूंटी जिले में मुरहू में एक निर्माणाधीन कुएं के ढहने से दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई। वहीं रांची में एक मिट्टी का घर गिरने से एक लड़की की जान चली गई। रांची के जोन्हा जल प्रपात में शिक्षक माइक घोष बह गए। खूंटी के तोरपा थाना क्षेत्र के डोडमा गांव में घर की दीवार गिरने से राजकुमार मांझी की मौत हो गई। रांची के तमाड़ में घर की दीवार में दबने से छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। चाईबासा में मिट्टी का घर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। जमशेदपुर के आजाद नगर में नाले में गिरने से संजय वर्मा की मौत हो गई।
भारी बारिश के कारण कई जिलों में स्कूल बंद
भारी बारिश को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने शुक्रवार को भी स्कूलों को बंद कर दिया है। खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिले में भी केजी से 12वीं तक के स्कूल बंद रहेंगे। गुरुवार को भी इन जिलों में स्कूलों को बंद रखा गया था। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि बच्चों की सेफ्टी जरूरी है। उनकी सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि मौसम केंद्र, रांची से बारिश के पूर्वानुमान पर आधारित जानकारी लेने के बाद स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है।
खूंटी में भारी बारिश के कारण एक पुल का हिस्सा ढह गया
खूंटी में तोरपा में भारी बारिश के कारण एक पुल का हिस्सा ढह गया, जिससे सड़क मार्ग बाधित हो गया है। यह पुल बनई नदी पर बना था। पुल का हिस्सा ढहने से खूंटी-सिमडेगा सड़क मार्ग बाधित हो गया है। उपायुक्त रॉनिटा ने बताया कि यातायात को दूसरे रास्ते से मोड़ा गया है। एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
जमशेदपुर में नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. रामगढ़ में सड़कें नदी में तब्दील हो गई हैं. कई जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है. रांची में जलभराव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. रिम्स अस्पताल में भी पानी भर गया है. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी है।
